राष्ट्रमंडल खेल : अब भी जारी है मेजबान की तारीफ

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेल-2010 समाप्त हो चुका है लेकिन मेजबान भारत को तारीफ मिलने का सिलसिला अब तक नहीं थमा है। कनाडा के पत्रकार से लेकर नाइजीरियाई पर्यटक और यहां तक की पाकिस्तानी समर्थक तक, हर कोई भारत की तारीफ करते नहीं अघा रहा है।

खेलों का हिस्सा बने सभी लोगों ने इस आयोजन को शानदार और भारत को एक बेहतरीन मेजबान करार दिया है। इसमें राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के अध्यक्ष माइक फेनेल भी शामिल हैं।

कनाडा के सबसे बड़े समाचार पत्रों में एक 'टोरंटो स्टार' के संवाददाता रैंडी स्टारमैन ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "मैं दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों से इतना प्रभावित हूं कि मैंने बेहतरीन मेजबानी के लिए भारत सरकार के नाम एक 'धन्यवाद' पत्र लिखने का फैसला किया है। यह पत्र हमारे समाचार पत्र में प्रकाशित होगा।"

तीन से 14 अक्टूबर तक आयोजित इन खेलों में 71 देशों के 7000 खिलाड़ियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। स्टारमैन मानते हैं कि भारत ने साबित कर दिया है कि वह किसी भी खेल आयोजन की मेजबानी का माद्दा रखता है।

बकौल स्टारमैन, "भारत को मेजबानी मिलने पर मुझे खुशी हुई थी। मेरा मानना था कि भारत में किसी भी खेल आयोजन को सफलतापूर्वक कराने की क्षमता है। भारत ने इन खेलों की सफल मेजबानी से दूसरे विकासशील देशों के लिए रास्ता खोला है।"

12 ओलम्पिक और चार राष्ट्रमंडल खेलों की रिपोर्टिग कर चुके स्टारमैन ने कहा कि दिल्ली में उन्हें या किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई। जब भी कोई समस्या आती तो कोई न कोई उसे सुलझाने के लिए सामने होता था।

पाकिस्तान से आए सरफराज अहमद ने कहा कि वह पहली बार भारत आए थे और अपने साथ विश्वस्तरीय आयोजन का अनुभव लेकर जा रहे हैं।

सरफराज ने कहा, "मैं अपने देश के पहलवानों और भारोत्तोलकों का समर्थन करने यहां आया था। यह मेरा पहला भारत दौरा है। भारत ने इस शानदार आयोजन के माध्यम से तमाम आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है। मैं खुश हूं कि मैं अपने साथ विश्वस्तरीय आयोजन का अनुभव लेकर लौट रहा हूं।"

नाइजीरिया के पर्यटक राबर्ट्स ओगुम्बा ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों के सभी आयोजन स्थलों का दौरा किया है और उनके मुताबिक सभी आयोजन स्थल विश्वस्तरीय हैं।

बकौल ओगुम्बा, "मेरे लिहाज से भारत के सभी आयोजन स्थल विश्वस्तरीय हैं। एक बार आप अगर किसी आयोजन स्थल के भीतर चले गए तो आपको लगेगा कि आप कनाडा या फिर अमेरिका में आ चुके हैं। मैं इस आयोजन के लिए भारत को पूरे अंक देना चाहूंगा।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+