विकास तभी होता है जब नीयत साफ हो : सोनिया (लीड-2)
बिहार के सीमांचल क्षेत्र मोतिहारी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि किसी क्षेत्र का विकास तभी हो सकता है, जब विकास योजनाओं को लागू करने वाले की नीयत साफ हो। उन्होंने कहा कि आज बिहार में कई चीनी मिलें बंद हैं, बिजली, सड़क की स्थिति दयनीय है। इस बीच भ्रष्टचार की कहानियां भी सुनने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चुनाव का मतलब कुर्सी पाने का रास्ता समझती है परंतु कांग्रेस राजनीति का मतलब विकास समझती है।
इसके पूर्व बिहार के मुस्लिम बहुल जिले किशनगंज में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि केन्द्र ने बिहार सरकार को विकास के लिए करोड़ों की धनराशि मुहैया करायी लेकिन उसका सही इस्तेमाल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से करोड़ों-करोड़ रुपए दिये गये लेकिन सवाल है कि इसका इस्तेमाल कहां हुआ। अब तो भ्रष्टचार की बातें भी सामने आ रही हैं। भाजपा-जद (यु) गठबंधन अवसरवादी है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश के साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में बीते कुछ वर्षो के दौरान विकास नहीं हुआ जिस कारण यहां के युवा शिक्षा और रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे हैं।
सोनिया ने इस अवसर पर अल्पसंख्यक मतदाताओं को रिझाने की भी कोशिश की। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने किशनगंज में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की शाखा खोलने के लिए सारी औपचारिकताएं पूरी कर दीं परंतु राज्य सरकार अब तक जमीन ही उपलब्ध नहीं करवा सकी। उन्होंने कहा कि आज राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है, इस कारण सरकार विकास में पीछे हो गई है।
उन्होंने कहा कि कुछ नेता ऐसा समझते हैं कि यहां के लोगों की याददाश्त कमजोर है परंतु वह गलतफहमी में हैं। उन्होंने कहा कि जब गुजरात में अकलियतों पर हमले हुए थे तो यहां के नेता केन्द्र में मंत्री थे, परंतु खुद को धर्मनिरपेक्ष बताने वाले इन नेताओं ने उस समय मंत्री पद से इस्तीफा तक नहीं दिया था।
उन्होंने केन्द्र की योजनाओं के नाम गिनाते हुए कहा कि आखिर उन योजनाओं का बिहार में क्या हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास सद्भावना और विकास का रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कई बार चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा परंतु उसने धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों से कभी भी समझौता नहीं किया और ना भविष्य में करेगी।
सोनिया से पूर्व बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी बिहार का दौरा कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि आगामी 21 अक्टूबर को राज्य में पहले चरण का चुनाव होना है। इस चरण में राज्य के आठ जिलों के 47 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा और कुल 636 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। इस चरण में कुल मंगलवार शाम को पहले चरण के प्रचार का शोर थम जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications