कराची में हिंसा, 12 की मौत

पिछले कुछ महीनों में हुई हिंसा के दौरान कराची में दर्जनों लोग मारे गए हैं
पाकिस्तान के कराची शहर में हुई हिंसा की वारदातों में 12 लोग मारे गए हैं और 30 से ज्यादा ज़ख्मी हुए हैं.
हिंसा के बाद पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर में तनाव का माहौल है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हिंसा की शुरूआत औरंगी टाउन के बुख़ारी कॉलोनी से हुई जब कुछ हथियारबंद लोगों ने दो बसों पर फायरिंग की जिसमें तीन लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए.
बाद में पुलिस को शहर के एक क्षेत्र से तीन शव बरामद हुए.
पुलिस का कहना है कि इन लोगों के हाथ पाँव बंधे हुए थे और इन्हें यातना देकर मारा गया था.
हिंसा का सिलसिला शहर के अलग अलग इलाक़ों में भी रात भर जारी रहा.
फ़ायरिंग की घटनाओं में घायल होने वाले 30 से ज्यादा लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
हिंसा की घटनाएँ रात भर जारी रहीं और इस दौरान कुछ हथियारबंद लोगों ने तीन गाड़ियों को आग लगा दी जिसमें एक निजी टीवी चैनेल की वैन भी शामिल है.
इस बीच मुत्तहदा कौमी मूवमेंट ने एक बयान में कहा है कि हिंसा की ये घटनाएँ सूबे में होने वाले उपचुनाव को प्रभावित करने की कोशिश है.


Click it and Unblock the Notifications