राष्ट्रमंडल खेल से जुड़ी टिप्पणियों पर हूपर ने दी सफाई
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' में रविवार को प्रकाशित खबर के मुताबिक हूपर ने कहा, "वह मेरा दायित्व था जिसे मैंने पूरी तरह निभाया, बिना यह सोचे कि दूसरा क्या सोचेगा। सुधार लाने के लिए कुछ चीजों पर रोशनी डालना मेरी भूमिका थी जो मैंने लगातार निभाई।"
हूपर ने कहा, "खेलों के लिए जो योजना बनाई गई थी, उससे मैं प्रसन्न हूं।..हमने खेल गांव में एथलीटों के लिए भोजन और परिवहन की व्यवस्था देखी जो प्रसंशनीय थी। आप यह कह सकते हैं कि आयोजन स्थलों को अंतिम क्षणों में तैयार किया गया। लेकिन उससे किसी को परेशानी नहीं हुई, क्योंकि समापन समारोह में कई मुस्कराते हुए चेहरे देखे।"
उल्लेखनीय है कि दिल्ली की आबादी के बारे में हूपर की टिप्पणी की तीखी आलोचना हुई थी। उन्होंने कहा था कि दिल्ली की 'बेशुमार आबादी' खेलों के आयोजन में रुकावट पैदा कर सकती है।
हूपर ने कहा कि नई दिल्ली की गलियों में उनका पुतला जलाए जाने से वह 'विचलित' हुए। उन्होंने कहा, "पुतला जलाए जाने से मैं विचलित हुआ, लेकिन मेरी टिप्पणी को खेलों की तैयारी के संदर्भ में समझा जाना चाहिए था। तैयारी का वादा मुझे पूरी तरह झूठ पर आधारित लगा।"
उन्होंने कहा, "मुझ पर आरोप लगा कि मैंने भारत की आबादी पर टिप्पणी की, लेकिन ऐसी बात नहीं थी। मेरी बात को फूहड़ तरीके से पेश किया गया।"
इंडो-एशियन न्यूज एजेंसी।


Click it and Unblock the Notifications