राष्ट्रहित में होगा उमर अब्दुला का हटना : आडवाणी (लीड-1)
आडवाणी ने अपने ब्लॉग पर उमर की उनके कश्मीर से जुड़े विवादास्पद बयान के लिए जमकर खिंचाई की है। पिछले दिनों राज्य विधानसभा में उमर ने कहा था कि जम्मू एवं कश्मीर का भारत में विलय नहीं हुआ था बल्कि भारत में सम्मिलित हुआ था। आडवाणी ने उमर के इस बयान को अक्षम्य करार दिया।
उमर के बयान के बाद राज्य विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ था और भाजपा व राज्य के कुछ अन्य दलों ने भी उमर के इस्तीफे की मांग की थी। आडवाणी ने कहा, "हाल के दिनों तक उमर के इस्तीफे की मांग इस आधार पर की जा रही थी कि वह घाटी में पथराव करने वालों द्वारा उत्पन्न की गई स्थिति से निपटने में विफल रहे हैं। परंतु उनके ताजा बयान से स्पष्ट है कि वह न सिर्फ प्रशासनिक रूप से विफल रहे हैं बल्कि जम्मू एवं कश्मीर की दृष्टि से उनका रुख पूरी तरह से राष्ट्र भावना के प्रतिकूल रहा है। ऐसे में उनका जल्द से जल्द पद छोड़ना न सिर्फ जम्मू एवं कश्मीर बल्कि देश के भी हित में रहेगा।"
इसके साथ ही आडवाणी ने यह भी दोहराया कि कश्मीर भारत का अभिन्न था और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा, "बीते 60 वर्षो से सिर्फ भाजपा ही नहीं, बल्कि देश का हर नेता यह कहता रहा है कि जम्मू एवं कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी और हमारे मौजूदा विदेश मंत्री भी यह बात दोहरा चुके हैं।"
आडवाणी ने राष्ट्रमंडल खेलों के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा इन खेलों को लेकर लगे भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच की घोषणा पर संतोष जताया है।
उन्होंने कहा, "देश को इस मामले में बारीकी से जांच होने की उम्मीद है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। साथ ही यह जांच केवल बलि के लिए बकरा ढूंढने की कवायद साबित नहीं होनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों द्वारा बड़ी संख्या में पदक जीतने और शानदार उद्घाटन और समापन समारोहों के चलते खेलों से पहले हुई बदनामी का असर कुछ हद तक कम हुआ है लेकिन विदेशों में इसे लेकर अब भी बुरी छवि निर्मित है।
खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जताते हुए आडवाणी ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के अंतिम दिन एक ओर जहां भारत पदक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गया वहीं क्रिकेट के मैदान में भी खिलाड़ियों को तिहरी खुशी मिली। एक तो भारत ने आस्ट्रेलिया को टेस्ट सीरिज में 2-0 से हराया, दूसरा भारत क्रिकेट खेलने वाले देशों की सूची में पहले स्थान पर पहुंचा और तीसरा सचिन तेंदुलकर का बेहतरीन प्रदर्शन। यह दिन खेल प्रमियों के लिए काफी खुशगवार रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications