चांदी में बेतहाशा तेजी, सोना भी उछला, औद्योगिक धातुएं हुई महंगी (साप्ताहिक समीक्षा)
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना दिसम्बर वायदा का भाव पिछले सप्ताह के अंतिम स्तर 19,465 रुपये प्रति 10 ग्राम की तुलना में 370 रुपये की तेजी के साथ 19,835 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं चांदी दिसम्बर वायदा का भाव पिछले सप्ताह के अंतिम स्तर 34,497 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 36,106 रुपये की ऊंचाई पर पहुंच गया।
औद्योगिक खपत वाली धातुओं में तेजी बनी हुई है। एमसीएक्स पर कॉपर नवम्बर वायदा का भाव पिछले सप्ताह के अंतिम स्तर 368 रुपये प्रति किलो से 6.8 रुपये की जोरदार तेजी के साथ 374.80 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। लेड अक्टूबर वायदा का भाव इस सप्ताह 100.60 रुपये से 5.2 रुपये बढ़कर 105.80 रुपये प्रति किलो और जिंक वायदा का दाम 4.8 रुपये बढ़कर 105.75 रुपये प्रति किलो पर पुहंच गया। निकिल वायदा में हालांकि 16.3 रुपये नरमी दर्ज की गई यह घटकर 1,063.90 रुपये प्रति किलो हो गया।
वहीं एमसीएक्स पर कच्चा तेल अक्टूबर वायदा का भाव 62 रुपये की गिरावट के साथ 3,599 रुपये प्रति बैरल के स्तर पर बंद हुआ।
कृषि जिंसों के बाजार में मिला-जुला रुख रहा। नेशनल कमोडिटी एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) पर गेहूं अक्टूबर वायदा का भाव पिछले सप्ताह के अंतिम स्तर 1,243.20 रुपये से मामूली वृद्धि के साथ 1,245.20 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंचा। सोयाबीन अक्टूबर वायदा का भाव 2,094.50 रुपये प्रति क्विंटल से करीब 90 रुपये बढ़कर इस सप्ताह 2,183.50 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।
मसालों के बाजार में हल्दी अक्टूबर वायदा का भाव 14,720 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 15,116 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया वहीं कालीमिर्च का दाम पिछले सप्ताह के अंतिम स्तर से 22 रुपये बढ़कर 18,430 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। जीरा अक्टूबर वायदा का भाव 12,995 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर से घटकर 12,852 रुपये प्रति क्विंटल हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications