सर्वोच्च न्यायालय जाने को स्वतंत्र है मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड : भाजपा
नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि अयोध्या मामले में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का पूरा हक है लेकिन आम भावना यही है कि इस मामले का निपटारा अदालत से बाहर और आपसी बातचीत से होना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "कोई भी पक्ष किसी भी मामले में सर्वोच्च न्यायालय जाने को स्वतंत्र है। जहां तक मैं जानता हूं कि अयोध्या मामले में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड पक्षकार नहीं है। लेकिन वह सर्वोच्च न्यायालय जा सकता है।"
उन्होंने कहा, "लोगों की आम भावना यही है कि इस मामले का अदालत के बाहर आपसी बातचीत और भाईचारे से समाधान निकाला जाना चाहिए। हर किसी को चाहे वह अल्पसंख्या समुदाय ही क्यों न हो, इस मामले के शांतिपूर्ण निपटारे की कोशिश करनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications