राष्ट्रमंडल खेल : कलमाडी ने शीला के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया
आयोजन समिति की ओर से जारी विज्ञप्ति में कलमाडी ने शीला के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया और कहा कि शीला अपने विभागों में भ्रष्टाचार की घटनाओं पर नजर रखें तो इससे दिल्लीवासियों का भला होगा। कलमाडी के मुताबिक ऐसे में जबकि शीला खुद दिल्लीवासियों की नजर में भ्रष्टाचार का पर्याय हैं, उन्हें दूसरों पर उंगली नहीं उठानी चाहिए।
विज्ञप्ति में कहा गया है, "ऐसे में जबकि राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के अध्यक्ष माइक फेनेल ने खेलों को अत्यंत सफल करार दिया है, इस संबंध में शीला का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है।"
कलमाडी के मुताबिक आयोजन समिति ने भ्रष्टाचार से जुड़े पूर्व मामलों की जांच के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा जांच समिति के गठन का स्वागत किया है और साथ ही इस मामले में समिति को हरसंभव मदद की बात कही है लेकिन शीला का यह कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि आयोजन समिति की कार्य प्रणाली संदेह के घेरे में रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications