जर्मनी के साथ सांस्कृतिक समझौता करेगा भारत
जर्मनी के विदेश मंत्री गुइदो वेस्टरवेल तीन दिवसीय यात्रा पर रविवार को भारत पहुंचे। तकरीबन साल भर पहले मंत्री पद ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है।
विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा और वेस्टरवेल सोमवार को सुरक्षा परिषद के विस्तार, आतंकवाद से निपटने की दिशा में सहयोग बढ़ाने, ऊर्जा तथा आर्थिक एवं रक्षा क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने से संबद्ध मसलों पर विस्तृत बातचीत करेंगे।
दोनों देशों के विदेश मंत्री जलवायु परिवर्तन, अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय विवादों के बारे में भी चर्चा करेंगे। अपनी भारत यात्रा से पहले वेस्टरवेल की ओर से जारी बयान में कहा गया था, "ये भी ऐसे विषय हैं, जिन पर मैं भारतीय समकक्ष के साथ चर्चा करना चाहूंगा।"
वर्ष 2011-12 के दौरान भारत में साल भर जर्मन महोत्सव (इयर ऑफ जर्मनी) और वर्ष 2012-13 में जर्मनी में साल भर भारत महोत्सव (इयर ऑफ इंडिया)मनाने के लिए विदेश मंत्रियों की मौजूदगी में दोनों देशों में समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। भारत और जर्मनी के बीच कूटनीतिक संबंधों के 60 साल पूरा होने के अवसर पर यह आयोजन होगा।
पिछले हफ्ते संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थायी सदस्यता के रूप में मिली सफलता के बाद दोनों देश बेहद उत्साहित हैं। भारत और जर्मनी सुरक्षा परिषद की अस्थायी और स्थायी श्रेणी में विस्तार के लिए प्रयास करेंगे।
जर्मन दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "विदेश मंत्री के भारत दौरे से दोनों देशों के बीच इस मुद्दे को बल मिलेगा।"
वेस्टरवेल ने कहा, "हम आश्वस्त हैं कि भारत सुरक्षा परिषद और जी-20 में बहुमूल्य सहभागी है। '
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications