प्रधानमंत्री का बयान चौंकाने वाला : नीतीश
पटना में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा और जद (यु) का संयुक्त प्रचार अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की गलतफहमी नहीं होनी चाहिए कि सीट को लेकर या प्रचार को लेकर दोनों दलों में कोई विवाद है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि चरणबद्ध चुनाव में कम अंतराल रहने के कारण नेता अलग-अलग निकल रहे हैं जिससे ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे पद पर रहने वाले लोगों को पहले तथ्यों की जानकारी लेने के बाद कोई बात कहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने चुनावी दौरे के क्रम में जो प्रतिवर्ष 1000 करोड़ देने की बात कह रहे हैं, वह राशि बिहार पुनर्गठन विधेयक पारित होने के बाद वर्ष 2002 से बिहार को मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस राशि से जो काम होता है वह केंद्रीय एजेंसियां करती हैं। ऐसे में काम नहीं हुआ तो इसका दोष केंद्र सरकार को जाता है।
नीतीश ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस दोनों पार्टियां मिली हुई हैं। बिहार की जनता को राज्य सरकार नहीं बल्कि केंद्र सरकार गुमराह कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस सत्ता में आती है तो महंगाई बढ़ती है और संघीय ढांचे पर चोट करती है। उन्होंने यह भी कहा के विपक्ष के पास मुद्दा नहीं है इस कारण वह केवल झूठ बोल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications