हैदराबाद में नहीं हुआ स्वर्ण पदक विजेताओं का जोरदार स्वागत
एक स्थानीय टेलीविजन चैनल ने जरूर राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली खिलाड़ियों का स्वागत किया। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ आंध्र पद्रेश के अधिकारी और अन्य लोग राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए नहीं पहुंचे।
बैडमिन्टन प्रतिस्पर्धा में पुरुष वर्ग के एकल मुकाबले में कांस्य पदक जीतने वाले पारूपल्ली कश्यप, बैडमिन्टन प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद भी साइना के साथ यहां पुहंचे।
उल्लेखनीय है कि साइना, ज्वाला और कश्यप आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं जबकि अश्विनी कर्नाटक की रहने वाली हैं।
महिला एकल मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतने वाली साइना ने कहा, "स्वर्ण पदक जीतना काफी रोमांचकारी एहसास था और मैं इसे कभी नहीं भूल सकती।" विश्व की तीसरी वरीयता प्राप्त इस खिलाड़ी ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल के दौरान खेला गया फाइनल मुकाबला उनके जीवन का सबसे कठिन मैच था।
साइना ने कहा, "मेरे अभिभावकों, प्रशिक्षक और स्थानीय लोगों के सहयोग के बिना ऐसा करना मुमकिन नहीं था।" साइना ने कहा कि वह अगले महीने चीन में होने वाले एशियाड के लिए तैयारी करेंगी।
गोपीचंद ने कहा, "वास्तव में यह रोमांचकारी मुकाबला था। बैडमिन्टन प्रतिस्पर्धा में दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक अब तक का हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।"
उधर, आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य के स्वर्ण पदक विजेताओं को 10 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को सात लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications