इजरायल की पूर्वी जेरूसलम में नए निर्माण की योजना
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इस विवादित शहर के पूर्वी हिस्से में निर्माण संबंधी यह निविदा 10 माह में पहली बार प्रकाशित की गई है। यह निर्माण जेरूसलम शहर के समीप पिस्गेट जीव और रमोत यहूदी बस्तियों में किए जाने की योजना है। यह निर्माण इजरायल को पश्चिमी तट से अलग करने वाली हरित पंक्ति से आगे या फिर कब्जे में ली गई भूमि पर किया जाना है।
इन निविदाओं को लेकर फिलीस्तीन ने क्रुद्ध प्रतिक्रिया जाहिर की है। उसके मुख्य वार्ताकार सायेब एराकात ने कहा है कि प्रत्यक्ष वार्ता संपन्न न हो पाने का पूरा जिम्मा इजरायल का होगा और उसका कदम यह दर्शाता है कि वह शांति की बजाए गतिरोध बनाए रखने का इच्छुक है।
एराकात ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी और यूरोपीय नेताओं से सम्पर्क किया है और फिलीस्तीन द्वारा जेरूसलम को राजधानी घोषित करते हुए पश्चिमी तट और गाजा पट्टी में अपने राष्ट्र के गठन के लिए संयुक्त राष्ट्र प्रस्ताव पेश किए जाने की सूरत में उनका समर्थन मांगा है।
इजरायल सरकार के एक अधिकारी ने डीपीए से ऐसी निविदा जारी होने की पुष्टि की है लेकिन उन्होंने ज्यादा विवरण नहीं दिया है।
उधर इजरायली सेना के रेडियो ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतान्याहू के हवाले से कहा है यह फैसला आवास मंत्री एरियल एतियास ने किया है। रेडियो ने कहा है कि नेतान्याहू और अमेरिका को इसकी सूचना दे दी गई थी। यह कदम गत मार्च में हुए घटनाक्रम की पुनरावृत्ति से बचने के लिए उठाया गया है। उस समय नेतान्याहू ने कहा था कि उन्हें 1600 अपार्टमेंट्स बनाने के बारे में पहले से सूचित नहीं किया गया था।
उधर, अमेरिका ने भी इस घटनाक्रम पर हताशा जाहिर की है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता पी.जे. क्राउले ने कहा कि इजरायल को बता दिया गया है कि यह कदम दोनों पक्षों में प्रत्यक्ष वार्ता शुरू कराने के हमारे प्रयासों के प्रतिकूल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications