पाकिस्तान की लोकतांत्रिक प्रगति विश्व शांति के लिए महत्वपूर्ण
एफओडीपी की तीसरी मंत्रिस्तरीय बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया है, "सशक्त लोकतांत्रिक प्रणाली विकसित करने के पाकिस्तानी अनुभव की कामयाबी, उसकी जनता की भलाई और कल्याण, आतंकवाद और उग्रवाद से निपटना और पाकिस्तान की आर्थिक समृद्धि एवं स्थायित्व क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति और स्थायित्व के लिए अहम हैं।"
शुक्रवार को ब्रसेल्स में एकत्र सभी सदस्य देशों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने पाकिस्तान में हाल की बाढ़ के बाद के हालात और उससे उबरने के दीर्घकालिक समग्र दृष्टिकोण पर विचार-विमर्श किया। इस बैठक का आयोजन यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख कैथरीन एश्टन और पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने किया था।
एश्टन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "सुरक्षित, महफूज और समृद्ध पाकिस्तान वहां की जनता के साथ ही साथ यूरोपीय संघ और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के भी हित में है।"
इस मंच में पाकिस्तान के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, चीन, आस्ट्रेलिया, ईरान, जापान, हॉलैंड, नार्वे, दक्षिण कोरिया, सऊदी अरब, स्पेन, स्वीडन, तुर्की, कनाडा, डेनमार्क और संयुक्त अरब अमिरात आदि शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications