विजेताओं की सोनिया से मुलाकात, कलमाडी हर जांच को तैयार (राउंडअप)

सोनिया और राहुल ने तीन अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक चले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान देश को गौरवान्वित करने वाले इन खिलाड़ियों को बधाई दी। इन खेलों में इन खिलाड़ियों ने 38 स्वर्ण, 27 रजत और 36 कांस्य पदकों सहित कुल 101 पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। पदक तालिका में भारत का आस्ट्रेलिया के बाद दूसरा स्थान रहा।

खेल मंत्री एम.एस.गिल के अलावा भुवनेश्वर कलिता पदक विजेताओं के साथ 10 जनपथ गए। कलमाडी और उनके सहयोगी इस अवसर पर मौजूद नहीं थे। इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर ने पदक विजेताओं से मुलाकात की थी।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को खेलों का समापन होने के साथ ही सरकार ने पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक वी.के.शंगलु के नेतृत्व में खेलों की तैयारियों में अनियमितता की शिकायतों की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति की घोषणा की।

बहरहाल, कलमाडी ने कहा है कि प्रधानमंत्री द्वारा खेलों की तैयारियों में अनियमितताओं से सम्बंधित शिकायतों की जांच के लिए स्थापित जांच समिति को हर तरह की सहायता उपलब्ध कराने को वह तैयार हैं।

कलमाडी ने एक बयान में कहा, "माननीय प्रधानमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों से सम्बंधित सभी मामलों की जांच के लिए एक समिति नियुक्त की है। हम इस कदम का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह व्यापक रूप से सभी पहलुओं पर गौर करेगी। आयोजन समिति को इस जांच समिति को सभी सहायता उपलब्ध कराने में खुशी होगी।"

कलमाडी ने कहा कि खिलाड़ियों और अधिकारियों ने उनके द्वारा की गई व्यवस्था की तारीफ की है। बकौल कलमाडी, "खेलों के शानदार उद्घाटन और समापन समारोहों के साथ ही खेल स्पर्धाओं के आयोजन की खिलाड़ियों व टीम अधिकारियों के साथ ही घरेलू एवं विदेशी मीडिया ने व्यापक रूप से तारीफ की है।"

उन्होंने कहा, "दिल्ली 2010 का आयोजन, शानदार खेलों के वायदे को पूरा करने में मदद देने के लिए सम्बंधित सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहेगा, विशेष तौर पर दिल्ली की जनता को।"

कलमाडी ने कहा, "दिल्ली और देश की जनता ने अपने को गौरवान्वित महसूस किया है, क्योंकि उन्होंने सभी चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए दिल्ली 2010 को सफलतापूर्वक आयोजित किया और दुनिया को दिखा दिया कि अपने पास बड़े अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी की प्रतिबद्धता और क्षमता मौजूद है।" उन्होंने कहा कि आयोजन समिति ने अपनी जिम्मेदारी पूरी की है।

इस बीच, केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदम्बरम ने राष्ट्रमंडल खेलों को कामयाब बनाने में सहायता देने के लिए दिल्लीवासियों की सराहना करते हुए शनिवार को उनसे अनुरोध किया कि वे अनुशासित बने रहे, नियमों का पालन करें और पुलिसकर्मियों का सम्मान करें।

यहां एक समारोह को सम्बोधित करते हुए चिदम्बरम ने भरोसा जताया कि तीन से 14 अक्टूबर तक चले इस भव्य आयोजन के दौरान प्रदर्शित सुरक्षा उपायों के प्रति उल्लेखनीय बदलाव 'अस्थायी बदलाव' नहीं साबित होगा।

चिदम्बरम ने कहा, "यह हमेशा बने रहना चाहिए। दिल्ली वासियों को नियमों का पालन करना और लेन में वाहन चलाना भी अवश्य सीखना चाहिए। लोगों को पुलिसकर्मियों और महिला पुलिसकर्मियों का सम्मान करना सीखना चाहिए।"

चिदम्बरम ने यहां कहा, "मुझे तसल्ली है कि किसी को भी सुरक्षा के मामले में कुछ भी नकरात्मक नहीं लगा। लोग यह समझ गए हैं कि आधुनिक शहर के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य हैं। दिल्ली बदल गई है और यह बदलाव बेहतरी के लिए है।"

चिदम्बरम नागालैंड पुलिस की एकमात्र महिला बटालियन को सम्बोधित कर रहे थे जिसे खेलों के आयोजन के दौरान दिल्ली के बाजारों में तैनात किया गया था।

गृहमंत्री ने खेल आयोजन के दौरान विलक्षण सेवाएं मुहैया कराने के लिए दिल्ली पुलिस, अर्ध सैनिक बलों और विभिन्न राज्यों से आए पुलिसकर्मियों का प्रशंसा की।

उन्होंने कहा, "पुलिसकर्मियों और महिला पुलिसकर्मियों द्वारा लगाए गए समय की भरपाई नहीं हो सकती। वे 12-14 घंटे सड़कों पर खड़े रहे और यह आसान नहीं था।" उन्होंने कहा कि इस आयोजन के कारण पुलिस के व्यवहार में भी काफी बदलाव आया है।

चिदम्बरम ने कहा, "वे ज्यादा विनम्र हुए हैं और अपना काम मुस्कुराहट के साथ करते हैं। इसमें बदलाव नहीं आना चाहिए।"

उधर, खेलों की आयोजन समिति ने शनिवार को 'अब तक के सर्वश्रेष्ठ खेलों' के आयोजन में सहायता के लिए दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त किया।

आयोजन समिति की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "सभी खिलाड़ियों, हितधारकों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों और सबसे बढ़कर दिल्ली की सारी जनता का अब तक के सर्वश्रेष्ठ खेलों के आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया जाता है।"

बयान में कहा गया है, "समिति उन सभी का हार्दिक आभार व्यक्त करती है और धन्यवाद देती है जिन्होंने हमें भारत को गौरवान्वित करने का अवसर प्रदान किया।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+