राष्ट्रमंडल खेल : कलमाडी हर जांच के लिए तैयार
कलमाडी ने एक बयान में कहा, "माननीय प्रधानमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों से सम्बंधित सभी मामलों की जांच के लिए एक समिति नियुक्त की है। हम इस कदम का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि यह व्यापक रूप से सभी पहलुओं पर गौर करेगी। आयोजन समिति को इस जांच समिति को सभी सहायता उपलब्ध कराने में खुशी होगी।"
गुरुवार को खेलों का समापन होने के साथ ही सरकार ने पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक वी.के.शंगलु के नेतृत्व में खेलों की तैयारियों में अनियमितता की शिकायतों की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति की घोषणा की।
कलमाडी ने कहा कि खिलाड़ियों और अधिकारियों ने उनके द्वारा की गई व्यवस्था की तारीफ की है।
कलमाडी ने कहा, "खेलों के शानदार उद्घाटन और समापन समारोहों के साथ ही खेल स्पर्धाओं के आयोजन की खिलाड़ियों व टीम अधिकारियों के साथ ही घरेलू एवं विदेशी मीडिया ने व्यापक रूप से तारीफ की है।"
कलमाडी ने कहा, "दिल्ली 2010 का आयोजन, शानदार खेलों के वायदे को पूरा करने में मदद देने के लिए सम्बंधित सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहेगा, विशेष तौर पर दिल्ली की जनता को।"
कलमाडी ने कहा, "दिल्ली और देश की जनता ने अपने को गौरवान्वित महसूस किया है, क्योंकि उन्होंने सभी चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए दिल्ली 2010 को सफलतापूर्वक आयोजित किया और दुनिया को दिखा दिया कि अपने पास बड़े अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी की प्रतिबद्धता और क्षमता मौजूद है।"
कलमाडी ने कहा कि आयोजन समिति ने अपनी जिम्मेदारी पूरी की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications