'हेडली के आतंकी संबंधों के बारे में जानती थी एफबीआई'
वाशिंगटन, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई में 2008 में हुए आतंकी हमले से तीन साल पहले न्यूयार्क में फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टीगेशन के एजेंटों को इस बात की सूचना मिली थी कि डेविड कोलमेन हेडली ने पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैय्यबा के शिविर में आतंकी प्रशिक्षण लिया था। अमेरिकी समाचार पत्र में प्रकाशित एक खोजी रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।
एफबीआई को हेडली के इन दौरों की जानकारी हेडली की पत्नी ने दी थी। घरेलू झगड़े के कारण हेडली की पत्नी की शिकायत के बाद वर्ष 2005 में हेडली को गिरफ्तार किया गया था। अमेरिकी समाचार पत्र वाशिंगटन पोस्ट ने एक स्वतंत्र, गैर लाभ समाचार संगठन प्रोपब्लिका के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट में यह बात कही।
कुल 166 लोगों की मौत का कारण बने मुंबई हमले की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी-अमेरिकी आतंकवादी हेडली ने इस षडयंत्र में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
रिपोर्ट के मुताबिक फेडरल एजेंटों के साथ तीन बार हुई बातचीत में हेडली की पत्नी ने कहा था कि हेडली आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा का सक्रिय आतंकी है और पाकिस्तानी शिविरों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुका है। उसने बताया कि हेडली ने रात में देख पाने में सक्षम चश्मे और अन्य उपकरण खरीदे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया कि उसने हेडली की लश्कर-ए-तैयबा के साथ सभी गतिविधियों का खुलासा करते हुए जांचकर्ता को ऑडियो कैसेट, विचारधारा से जुड़ी सामग्री, पाकिस्तान से आने वाले उसके ईमेल और फोन कॉल से संबंधित जानकारी दी थी।
प्रोपब्लिका ने सुरक्षा कारणों से हेडली की पत्नी के नाम का खुलासा नहीं किया है। उसने जांचकर्ताओं को बताया कि हेडली को अमेरिका का भुगतान प्राप्त करने वाला मुखबिर बनाया गया जबकि वह पाकिस्तान में आतंकी शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करता था। जांच अधिकारियों ने कहा था कि वह इस सूचना की जांच करेगी लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया था कि क्या कार्रवाई होगी। हेडली को घरेलू हिंसा के आरोप में कुछ समय के लिए न्यूयार्क जेल भेजा गया लेकिन उस पर मुकदमा नहीं चला।
ब्रिटिश अधिकारियों ने जब तक अमेरिकी प्रशासन को यह जानकारी नहीं दी थी कि हेडली यूरोप में अल कायदा के संचालकों के संपर्क में है तब तक हेडली को गिरफ्तार नहीं किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications