कश्मीर में मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए 104 सैन्यकर्मी दंडित
सेना ने हालांकि इस बात की जानकारी नहीं दी कि किस तरह की शिकायतें प्राप्त हुईं और दोषी सैन्यकर्मियों को किस तरह की सजा दी गई।
सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि दंडित किए गए 104 सैन्यकर्मियों में 39 अधिकारी, नौ जूनियर कमीशन अधिकारी (जेसीओ) और 56 अन्य सैन्य कर्मी शामिल थे।
सेना के रिकार्ड के अनुसार पिछले 20 वर्षो के दौरान कथित मानवाधिकार उल्लंघनों की 1,514 शिकायतें प्राप्त हुईं और उनमें से 1,508 की जांच की गई। छह मामलों की अभी भी जांच चल रही है।
प्रवक्ता ने कहा कि प्राप्त कुल शिकायतों में से जितने की जांच की गई, उनमें से मात्र 35 मामले सही पाए गए। लगभग 97 प्रतिशत शिकायतें झूठी पाई गईं। कश्मीर में आतंकियों के साथ लड़ाई में शामिल सैनिकों के खिलाफ आरोपों से संबंधित प्राप्त शिकायतों में से मात्र 2.32 प्रतिशत शिकायतें ही सच पाई गईं।
ज्ञात हो कि राज्य में 1990 के दशक के अंतिम दिनों में आतंकी हिंसा की शुरुआत हुई। मानवाधिकार संगठनों ने कथित मानवाधिकार उल्लंघनों के लिए सेना पर आरोप लगाए, जिसे अलगाववादियों ने एक अभियान के रूप में इस्तेमाल किया।
मनवाधिकारों के कथित उल्लंघनों ने राज्य से, खासतौर से कश्मीर घाटी से सेना को वापस बुलाने और सशस्त्र सेना विशेष शक्तियां अधिनियम को हटाए जाने के लिए भी एक अभियान को हवा दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications