बादल ने अमरिंदर के खिलाफ मुकदमा वापस लिया
बादल ने यह अर्जी पिछले सप्ताह स्थानीय अदालत में दाखिल की थी, जिस पर विचार करते हुए अदालत ने वर्ष 2002 में दायर मानहानि के मुकदमे को खारिज कर दिया।
अदालत में दाखिल अपनी अर्जी में बादल ने कहा है कि "हालांकि इस मुकदमे के कामयाब होने के पूरे आसार हैं, लेकिन पक्षपात न करते हुए और सौहार्दपूर्ण रिश्ते के लिए वातावरण तैयार करने के लिहाज से आपराधिक मानहानि का यह मुकदमा वापस लेने की अनुमति दी जाए।"
बादल ने अपनी पत्नी सुरिंदर कौर एवं पुत्र सुखबीर बादल (उपमुख्यमंत्री) को पंजाब के मोहाली स्थित अदालत द्वारा अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति के मामले में बरी कर दिए जाने के बाद पिछले महीने अमरिंदर के खिलाफ मुकदमा वापस लेने की घोषणा की थी।
बादल ने पंजाब विधानसभा में अमरिंदर के खिलाफ मुकदमा वापस लेने की घोषणा की थी और कटुतापूर्ण राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता खत्म करने की बात कही थी। निलंबन के दो वर्ष बाद विधानसभा में मौजूद अमरिंदर सिंह ने हालांकि इस पर कोई भाव प्रदर्शित नहीं किया था।
मानहानि के दायर मुकदमे में बादल ने दावा किया था कि अमरिंदर सिंह ने उन्हें सितम्बर 2001 में एक पत्र लिखा था, जिसमें उनके तथा परिवार के स्वामित्व वाली 16 सम्पत्तियों की सूची थी।
पत्र में आरोप लगाया गया था कि बादल परिवार के स्वामित्व वाली कई सम्पत्तियां समूचे भारत में कई जगहों पर तथा अमेरिका व आस्ट्रेलिया जैसे अन्य देशों में हैं। इन सम्पत्तियों का मूल्य 35 अरब रुपये से अधिक बताया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications