नक्सलियों ने पोस्टर चिपकाकर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया
पटना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने बिहार के मुंगेर तथा जमुई जिलों के कई क्षेत्रों में पोस्टर चिपकाकर राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने की घोषणा की है तथा प्रत्याशियों को भी जनसंपर्क नहीं करने की चेतावनी दी है।
पुलिस के अनुसार खड़गपुर, गंगटामोड़ तथा भीमबांध के वनक्षेत्रों में शुक्रवार देर रात कई स्थानों पर पोस्टर चिपकाकर मतदान के बहिष्कार की घोषणा की गई है। पोस्टरों में प्रत्याशियों को भी चेतावनी दी गई है कि अगर वे प्रचार करने आयेंगे तो उनके वाहनों को जला दिया जायेगा तथा उन्हें भी नुकसान पहुंचाया जायेगा।
इधर, खड़गपुर अनुमंडल के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सभी स्थान पर चिपके पोस्टरों को उखाड़कर जब्त कर लिया है। इसके बाद प्रत्याशियों ओर मतदाताओं में दहशत है।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक छह चरणों में चुनाव होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications