युआन में मजबूती से करेंसी विवाद में प्रगति: अमेरिका
वाशिंगटन, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी वित्त मंत्री टिमोथी गाइथनर ने शुक्रवार को कहा कि पिछले कुछ सप्ताह में चीन ने अपनी कम मूल्य की मुद्रा को मजबूत होने की छूट देकर करेंसी विवाद सुलझाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
चीन की नियंत्रित मुद्रा युआन का मूल्य कम होने के कारण यह अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ उसके व्यापारिक संबंधों में तनाव का कारण बनी हुई है।
गाइथनर ने अपने बयान में कहा, "मुद्रा को मजबूत होने की छूट देने के लिए चीन ने सितम्बर महीने की शुरुआत से कुछ प्रयास किए हैं।" उन्होंने कहा कि ये प्रयास स्थाई होने चाहिए।
गाइथनर का यह बयान वित्त मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक और विनिमय दर नीति पर अमेरिकी कांग्रेस की बैठक में प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट का हिस्सा है। यह अब यह बैठक अगले माह होने वाली जी 20 देशों की बैठक के बाद आयोजित होगी।
गाइथनर ने कहा, "इन बैठकों से मजबूत और संतुलित विकास सुनिश्चित करने की प्रक्रिया में प्रगति होगी।"
उन्होंने कहा कि जून महीने के बाद से चीन की मुद्रा तीन प्रतिशत मजबूत हुई है। चीन ने जून में कहा था कि वह विनिमय दरों को बाजार आधारित बनाने की अनुमति देगा।
गाइथनर ने कहा, "सितम्बर के बाद से युआन में मजबूती की दर एक प्रतिशत प्रति माह हुई है। यदि यह प्रक्रिया जारी रहती है तो यह अपने वास्तविक मूल्य पर पहुंच पाएगी जो कि अभी नियंत्रित रूप से कम मूल्य की है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications