अयोध्या पर शनिवार को रुख साफ करेगा पर्सनल लॉ बोर्ड
सुन्नी धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि शनिवार को होने वाली बोर्ड की कार्यकारिणी की बैठक में 30 सितंबर को अयोध्या विवाद पर आए इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ के फैसले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती देने के बारे में आखिरी फैसला किया जाएगा।
मौलाना ने कहा कि 51 सदस्यीय कार्यकारिणी की बैठक पहले दिल्ली में प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में इसे लखनऊ में करने का फैसला लिया गया। बोर्ड की इस बैठक में देशभर के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरु, बुद्धिजीवी और नेता भाग लेंगे।
उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड पहले ही इस मामले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती देने की घोषणा कर चुका है।
गौरतलब है कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने अयोध्या में विवादित भूमि का एक-तिहाई हिस्सा राम लला को, एक तिहाई हिस्सा निर्मोही अखाड़े को और बाकी एक तिहाई भाग सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड को देने का फैसला सुनाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications