अगले साल मार्च तक कुरैशी के भारत आने की संभावना
विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "कुरैशी अगले वर्ष की पहली तिमाही में नई दिल्ली आने वाले हैं। उनका हम जोरदार स्वागत करेंगे।"
पिछले महीने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र आमसभा की बैठक के मौके पर कुरैशी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाबत कोई निर्णय नहीं हो पाने का जिक्र करते हुए कृष्णा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नई दिल्ली में होने वाली बैठक न्यूयॉर्क की बैठक से कहीं अधिक फलदायी साबित होगी, क्योंकि भारत रचनात्मक वार्ता का इच्छुक है।
इस वर्ष जुलाई में कुरैशी के साथ वार्ता परस्पर आरोप-प्रत्यारोप के बीच खत्म होने को याद करते हुए कृष्णा ने कहा कि दोनों पक्षों ने निर्णय लिया है कि कैदियों की रिहाई जैसे मानवीय मुद्दों का समाधान खोजने के लिए विचार-विमर्श किया जाए।
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें उम्मीद है कि मानवीय मुद्दों का कोई सकारात्मक हल निकलेगा, उन्होंने कहा, "हम इसे प्रोत्साहन देने की इच्छा रखते हैं।"
उल्लेखनीय है कि जुलाई में इस्लामाबाद दौरे के दौरान कृष्णा ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष को भारत आने का न्योता दिया था। कुरैशी का दौरा इसी वर्ष के आखिर में होने की उम्मीद थी, लेकिन कृष्णा की व्यस्तता के चलते दौरे को अगले वर्ष के शुरू तक टाल दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications