इंफोसिस का मुनाफा दोहरे अंको की दर से बढ़ा (लीड-1)
कम्पनी के मुताबिक मौजूदा वित्त वर्ष में कम्पनी की आय पिछले साल के मुकाबले 19 प्रतिशत बढ़कर 270.58 अरब रुपये (27,058 करोड़) रुपये होने का अनुमान है। आय का यह अनुमान जुलाई में कम्पनी द्वारा जारी किए गए अनुमान से 1.7 प्रतिशत (कुल 267 अरब रुपये) ज्यादा है।
अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय नियमन तंत्र (आईएफआरएस) के तहत कम्पनी की आय में इस साल छह अरब डॉलर (25 प्रतिशत) की वृद्धि होने का अनुमान है। जुलाई महीने में यह अनुमान 5.8 अरब डॉलर जारी किया गया था।
भारतीय लेखांकन मानकों के अनुरूप किए गए आंकलन में दूसरी तिमाही जोरदार विकास दर्ज करते हुए कम्पनी का शुद्ध मुनाफा पिछले साल के मुकाबले 13.2 प्रतिशत बढ़कर 1,737 करोड़ रुपये (17.37 अरब रुपये) हो गया। पिछली तिमाही के मुकाबले इसमें 16.7 प्रतिशत की दर से वृद्धि हुई।
इसी तरह दूसरी तिमाही में कम्पनी की आय पिछले साल के मुकाबले 24.4 प्रतिशत और पिछली तिमाही के मुकाबले 12 प्रतिशत बढ़कर 6,947 करोड़ रुपये (69.47 अरब रुपये) हो गई।
इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस. गोपालकृष्णन ने कहा, "आर्थिक माहौल हालांकि चुनौतीपूर्ण बना हुआ है लेकिन हमने अपनी ग्राहक संख्या, सेवाओं और निवेश में वृद्धि के जरिए दूसरी तिमाही में विकास की गति तेज की है।"
तीसरी तिमाही के लिए कम्पनी की आय पिछले साल के मुकाबले 21 प्रतिशत बढ़कर 6,919 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया है।
आईएफआरएस के तहत तीसरी तिमाही में आय 26 प्रतिशत बढ़कर 1.6 अरब डॉलर होने का अनुमान है। दूसरी तिमाही ने 27 नए ग्राहक जोड़े हैं। पहली तिमाही में 38 नए ग्राहक जोड़े गए थे। दूसरी तिमाही में कम्पनी के सक्रिय ग्राहकों की संख्या 592 हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications