ओबामा के साथ आउटसोर्सिग का मुद्दा उठाएगा भारत
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की आगामी भारत यात्रा के दौरान आउटसोर्सिग का मसला उठाया जाएगा।
कृष्णा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "अमेरिका द्वारा आउटसोर्सिग को लेकर की गई सख्ती और वीजा नियमों को सख्त बनाए जाने को लेकर देश की सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र ने कुछ गंभीर चिंताएं जाहिर की हैं। इन मुद्दों पर राष्ट्रपति ओबामा के दौरे के समय चर्चा की जाएगी।"
ओबामा का चार दिवसीय भारत दौरा पांच नवम्बर से आरंभ हो रहा है। विदेश मंत्री ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच आपसी समझ इतनी मजबूत है कि कुछ मुद्दों की वजह से दोनों के रिश्ते प्रभावित नहीं हो सकते।
गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिकी सरकार ने एच-1बी और एल1 वीजा के शुल्क में बढ़ोतरी की थी। यह वृद्धि आउटसोर्सिग से जुड़ी कम्पनियों को लेकर विशेष तौर पर की गई थी। ओहियो प्रांत ने आउटसोर्सिग पर पाबंदी तक लगा दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications