ओबामा के दौर को लेकर उत्साहित हैं हिलेरी
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति बराक ओबामा के आगामी भारत दौरे को लेकर खासी उत्साहित हैं। ओबामा के इस दौरे के मद्देनजर उन्होंने वर्ष 2000 के उस वक्त को भी याद किया जब वह अपने पति और तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के साथ भारत पहुंची थीं।
समाचार चैनल 'एबीसी' को दिए एक साक्षात्कार में गुरुवार को हिलरी ने कहा, "मैंने उस दौरे पर बेटी के चेल्सिया के साथ आगरा जाकर ताजमहल देखा था। मुझे वह लम्हा आज भी याद है।"
उन्होंने कहा, "वह हमारे लिए न सिर्फ निजी तौर पर बेहतरीन दौरा था बल्कि भारत के साथ हमारे संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत भी थी। इसी दिशा में पहले बुश प्रशासन और अब राष्ट्रपति ओबामा आगे बढ़ रहे हैं।"
अमेरिका की इस पूर्व प्रथम महिला ने कहा, "राष्ट्रपति ओबामा अगले महीने भारत जा रहे हैं। उनका दौरा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाएगा। वर्ष 1998 में भारत के परमाणु परीक्षण करने के बाद दोनों देशों के बीच जो संदेह और अविश्वास का भाव पैदा हुआ था उसे खत्म करने में क्लिंटन प्रशासन ने अहम भूमिका निभाई। ओबामा का यह दौरा उसी दिशा में आगे का कदम है।"
क्लिंटन ने खुद के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि पहले वह अमेरिका की प्रथम महिला बनेंगी और फिर विदेश मंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालेंगी। उन्होंने कहा, "मैं आज अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रही हूं। इस वक्त के हर लम्हे का लुत्फ उठा रही हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications