पहली बार महिला बनी नाटो की प्रवक्ता
ब्रसेल्स, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित कर चुकीं पत्रकार ओआना लंगेस्कू को प्रवक्ता नियुक्त किया है। नाटो के 61 वर्षो के इतिहास में पहली बार किसी महिला को यह पद दिया गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मौजूदा समय में नाटो की मीडिया विभाग की उप प्रमुख महिला हैं लेकिन यह पहला मौका होगा जब एक महिला को प्रमुख बनाया गया है। इससे पहले हमेशा ही पुरुषों का वर्चस्व रहा है।
नाटो के महासचिव एंडर्स फॉग रासमुसेन ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा, "मैं इस बात की घोषणा करते हुए बहुत खुश हूं कि ओआना लंगेस्कू ने नाटो का प्रवक्ता बनने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है।"
लंगेस्कू रोमानिया की हैं। वह अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन और स्पेनिस भाषाओं की जानकार हैं। इससे पहले वह बीबीसी के लिए काम कर चुकी हैं। वह एक दिसम्बर को अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications