तेजी से बढ़ने वाले शहर हैं बेंगलुरू, अहमदाबाद और चेन्नई
वाशिंगटन, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका की प्रतिष्ठित पत्रिका 'फोर्ब्स' ने भारत के तीन शहरों अहमदाबाद, बेगलुरू और चेन्नई को दुनिया में सबसे तेजी से विकसित होने वाले शहरों की सूची में शामिल किया है। पत्रिका ने गुजरात को भारतीय राज्यों में 'सबसे अधिक बाजारोन्मुख और व्यापार के अनुकूल' करार दिया है।
पत्रिका में कहा गया है, "अगले दशक में अर्थव्यवस्था के केंद्र न्यूयार्क और मुम्बई जैसे शहर नहीं होंगे बल्कि चीन के चोंगकिंग, चीली के सेंटियागो और टेक्सास के ऑस्टिन जैसे शहर मुख्य केंद्र बनेंगे।"
फोर्ब्स पत्रिका के मुताबिक न्यूयार्क, लंदन, पेरिस, हांगकांग और टोक्यो की बजाय अब ये शहर तेजी से विकसित हो रहे हैं।
फोर्ब्स पत्रिका के अनुसार चीन का शहरी विकास मुख्य रूप से छोटे शहरों में परिवहन और कारोबार को बढ़ावा देने की वजह से ही टिका है। भारत में हालांकि इस तरह की योजना का आभाव है लेकिन शहरों में अपेक्षाकृत विकास हो रहा है।
पत्रिका में कहा गया है, "भारत में बेंगलुरू (विप्रो और इंफोसिस का मुख्य केंद्र), अहमदाबाद (यहां की प्रति व्यक्ति आय भारत के अन्य शहरों की अपेक्षा दोगुनी है), चेन्नई (प्रतिवर्ष 100,000 रोजगार का सृजन ) को प्रगति कर रहे शहरों में शामिल किया गया है। भारत के ज्यादातर मुख्य साफ्टवेयर उद्योग, मनोरंजन तथा आटोमोबाइल उद्योग इन्हीं शहरों में केंद्रित है।"
पत्रिका के मुताबिक भारत और चीन विश्वभर में तेजी से उभर रहे अन्य देशों के लिए भी मददगार साबित हो रहे हैं, विशेषतौर पर दक्षिण एशिया में।
फोर्ब्स ने अहमदाबाद को गुजरात का सबसे बड़ा महानगरीय क्षेत्र तथा सबसे अधिक बाजारोन्मुख और व्यापार के अनुकूल' करार दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications