राबड़ी के लिए लालू और रामविलास ने किया संयुक्त प्रचार
इस दौरान लालू और रामविलास ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस पार्टी का कोई जनाधार नहीं है, सिर्फ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को फायदा पहुंचाने के लिए वह यहां से चुनाव लड़ रही है। दोनों नेताओं ने नीतीश सरकार को भ्रष्टाचार में डूबी सरकार की संज्ञा दी।
पासवान ने कहा, "आज राज्य में जहां भी चले जाइए, बिना घूस दिए कोई काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि नरेगा योजना भी घूसखोरी की भेंट चढ़ गई। नीतीश कुमार ने समाज को कई वर्गो में बांट दिया है। अब समय आ गया है कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली सरकार को जड़ से उखाड़ फेंका जाए।"
लालू ने भी कहा कि पूरे राज्य में राजद-लोजपा की लहर चल रही है। सभी जाति-जमात के लोग लामबंद होकर नीतीश सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि यह देश सभी जाति और मजहब के लोगों का है, वे किसी भी कीमत पर सांप्रदायिक ताकतों के हाथों देश को बंटने नहीं देंगे।
उन्होंने ने सफाई दी कि उनका कांग्रेस से हाथ मिलाने का मकसद धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों को केंद्र में सत्ता से अलग रखना था। जनसभा में राबड़ी और तेजस्वी ने भी नीतीश सरकार की आलोचना करते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। इसके बाद राबड़ी और तेजस्वी ने एक रोड शो में भाग लिया।
तेजस्वी ने लोगों से अपील की कि वे सत्ता की बागडोर फिर राजद को सौंप दें। उन्होंने कहा, "जिस तरह पापा (लालू) ने रेलवे का विकास किया, उसी तरह वह बिहार का भी विकास करेंगे।"
गौरतलब है कि राबड़ी देवी राजद के टिकट से राघोपुर और सोनपुर से चुनाव मैदान में हैं। राबड़ी ने कहा कि दोनों क्षेत्रों की जनता के प्यार के कारण वह दो जगहों से चुनाव लड़ रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications