भारत और रूस का आतंकवाद विरोधी सैन्य अभ्यास आरंभ
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और रूस ने शुक्रवार को उत्तराखण्ड के पर्वतीय इलाके में 10 दिनों तक चलने वाला आतंकवाद विरोधी संयुक्त सैन्य अभ्यास आरंभ कर दिया।
इस संयुक्त अभ्यास को 'इंद्र-2010' नाम दिया गया है। रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि इसमें रूस के 200 से अधिक सैन्यकर्मी और पैदल सेना की एक बटालियन हिस्सा ले रही है।
इस अभ्यास के लिए रूस की 34वीं मांउटेन ब्रिगेड के जवान रूसी वायुसेना के विमान 'इलूसिन 1एल-76' के जरिए उत्तराखण्ड पहुंचे हैं। यह ब्रिगेड रूस के हिंसाग्रस्त क्षेत्र उत्तरी कॉकेसस में तैनात रहती है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "इस सैन्य अभ्यास से दोनों देशों के रक्षा सहयोग और दोनों सेनाओं के सैन्य संबंधों को बल मिलेगा।"
दोनों ने पहला 'इंद्र' अभ्यास भारत में ही अक्टूबर 2005 में किया था। इसके बाद दूसरा अभ्यास रूस में 2007 में किया गया था।
उत्तराखण्ड में यह अभ्यास उस समय शुरू हुआ है जब पिछले सप्ताह ही रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी और उनके रूसी समकक्ष एनातोली सर्दियुकोव के बीच रक्षा सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications