स्वर्ण मंदिर भी जाएंगे राष्ट्रपति ओबामा
अमेरिकी राष्ट्रपति सात नवंबर को भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पहुंचने के बाद पवित्र स्वर्ण मंदिर का दर्शन करने आएंगे। राष्ट्रपति हरमिंदर साहब के पवित्र गर्भगृह में प्रार्थना भी करेंगे।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीजी) के अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने आईएएनएस को बताया, "राष्ट्रपति ओबामा स्वर्ण मंदिर का दर्शन करने आएंगे। इस सिलसिले में अमेरिकी दूतावास के अधिकारी और सुरक्षाकर्मी कई सप्ताह से थोड़े समय के अंतराल पर यहां आ रहे हैं। हम उनका सहयोग कर रहे हैं।"
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए 15 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले स्वर्ण मंदिर परिसर को संवारा जा रहा है। राष्ट्रपति लंगर हॉल और सामुदायिकरसोई घर का भी जायजा ले सकते हैं।
अमृतसर के उपायुक्त के.एस. पन्नू ने आईएएनएस को बताया, "ओबामा की यात्रा के मद्देनजर हमने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अमृतसर जिले में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है।" पन्नू ने बताया कि राष्ट्रपति दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) और खालसा कॉलेज का दौरा करेंगे, लेकिन उनकी यात्रा के अंतिम में बदलाव भी हो सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रपति की मंदिर यात्रा रविवार को होनी है और इस दिन दर्शन के लिए यहां सर्वाधिक संख्या में भक्त पहुंचते हैं। सुरक्षा एजेंसियां भक्तों की अपार भीड़ को लेकर चिंतित हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील छह नवंबर को स्वर्ण मंदिर का दर्शन करने आने वाली हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications