राष्ट्रमंडल खेल : आयोजन समिति ने आस्ट्रेलियाई दल से मांगा हर्जाना
राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट ने हालांकि आस्ट्रेलियाई टीम पर लगाए गए तोडफोड़ के आरोप से इंकार किया।
भनोट ने आईएएनएस को बताया, "वहां किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं हुई है। खिलाड़ी केवल खुशी का इजहार कर रहे थे। वाशिंग मशीन का टूटना महज एक दुर्घटना थी।"
उन्होंने कहा, "हमने आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से नुकसान के लिए हर्जाना देने को कहा और वह तैयार हो गए। किसी के खिलाफ कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई गई है।"
भनोट ने इससे अधिक जानकारी देने से इंकार कर दिया लेकिन आस्ट्रेलिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वाशिंग मशीन को वास्तव में बालकनी से नीचे फेंका गया था।
आस्ट्रेलिया राष्ट्रमंडल खेल संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पैरी क्रासव्हाइट ने शुक्रवार को कहा कि गुरुवार को हुए इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
स्थानीय समाचार पत्र 'द संडे मार्निंग हेराल्ड' के मुताबिक व्हाइट ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों की समाप्ति पर गुरुवार रात को हुई इस घटना से काफी निराशा पहुंची है।
व्हाइट ने संवाददाताओं को बताया, "हम नहीं जानते कि यह किसने किया है। दिल्ली पुलिस इस मामले को देख रही है और इसकी जांच करेगी।"
व्हाइट ने इस बात का भी खुलासा किया कि एक अन्य आस्ट्रेलियाई एथलीट को कुछ दिनों पहले ही अभद्र व्यवहार के कारण आस्ट्रेलिया वापस भेजा गया था लेकिन उन्होंने एथलीट के नाम का खुलासा नहीं किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications