भारत के लिए सिरदर्द हैं पाकिस्तान और चीन : सेना प्रमुख
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और चीन को भारत के लिए 'सिरदर्द' करार देते हुए सेना प्रमुख जनरल वी.के.सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिमी सीमा पर आतंकवाद और बीजिंग की बढ़ती सैन्य शक्ति भारत के लिए चिंता की बात है।
नई दिल्ली में 'इंडियन आर्मी : इमर्जिग रोल्स एंड टास्क' विषय पर आयोजित एक सेमीनार में बोलते हुए जनरल सिंह ने कहा, "हमारे लिए दोनों देश चिंता का सबब बने हुए हैं। पहली यह कि पाकिस्तान में स्थिति कैसी है और वहां की सरकार की समस्या क्या है। वहां से आतंकवादियों को समर्थन मिल रहा है और आंतरिक स्थिति ठीक नहीं है।"
पाकिस्तान के हालात के बारे में सिंह ने कहा कि वहां स्थितियां तेजी से बदल रहीं है और उसका भारत पर क्या प्रभाव पड़ता है, यह देखना होगा।
सिंह ने कहा कि इसके अलावा चीन भी भारत के लिए आर्थिक और सैन्य रूप से सिरदर्द बना हुआ है। उन्होंने कहा, "चीन के साथ पस्पर विश्वास बहाली से जुड़े कई कदम उठाए गए हैं और हमारे पास एक बहुत सुरक्षित सीमा भी है लेकिन इसके बावजूद हम अभी भी सीमा विवाद को लेकर उलझे हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications