खाद्य पदार्थो की महंगाई दर 16.37 प्रतिशत हुई
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश में खाद्य पदार्थो की महंगाई दर दो अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में 16.37 प्रतिशत रही। इससे पहले के सप्ताह में यह 16.24 प्रतिशत दर्ज की गई थी।
शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक प्राथमिक क्षेत्र की वस्तुओं की महंगाई दर दो अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 18.54 प्रतिशत रही है जो कि इससे पहले के सप्ताह में 18.53 प्रतिशत दर्ज की गई थी।
ईंधन कीमतों के सूचकांक में इस सप्ताह 11.14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई जो कि इससे पहले के सप्ताह में 10.73 प्रतिशत रही थी।
खाद्य महंगाई दर में पिछले कुछ सप्ताह से लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। इससे पहले 14 अगस्त को समाप्त सप्ताह में यह दर 10.05 प्रतिशत के निचले स्तर तक पहुंच गई थी लेकिन इसके बाद से अब तक महंगाई दर में 6.4 प्रतिशत अंकों की वृद्धि हो चुकी है।
भारतीय रिजर्व बैंक के डिप्टी गवर्नर सुबीर गोकर्ण ने कहा, "खाद्यान्नों की कीमतें मांग और आपूर्ति में असंतुलन से प्रभावित हो रही हैं। उपभोक्ताओं की खान-पान की आदतों में बदलाव आने से मोटे अनाजों की जगह प्रोटीन युक्त वस्तुओं की मांग बढ़ रही है।"
पिछले सप्ताह जारी भारतीय औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) के खराब आंकड़ों के कारण आरबीआई के लिए अब ब्याज दरों में वृद्धि करना काफी मुश्किल होगा। अगस्त महीने में आईआईपी की वृद्धि दर 5.6 प्रतिशत रही है जो कि जुलाई में 15.2 प्रतिशत थी।
विभिन्न खाद्य पदार्थो की कीमतों इस सप्ताह पिछले साल के इसी सप्ताह के मुकाबले हुआ बदलाव निम्नलिखित है:
मोटे अनाज: 5.06 प्रतिशत
चावल: 2.82 प्रतिशत
गेहूं: 6.88 प्रतिशत
दालें: 4.89 प्रतिशत
सब्जियां: 19.84 प्रतिशत
फल: 12.75 प्रतिशत
दूध: 21.65 प्रतिशत
आलू: (-)49.36 प्रतिशत
प्याज: 0.24 प्रतिशत
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications