संघ को मिलती है आईएसआई से मदद : दिग्विजय (लीड-1)
भोपाल प्रवास पर आए सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि संघ से जुड़े कुछ लोगों को आईएसआई द्वारा देश की शांति और सद्भाव बिगाड़ने के लिए आर्थिक मदद दी जाती है। ऐसे 25-30 लोगों की सूची उनके पास है, जिसे समय आने पर वह जारी करेंगे। इनमें प्रज्ञा ठाकुर, कर्नल पुरोहित और रामजी कलासरंगा शामिल है।
दिग्विजय ने स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के लोगों के आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप को एक बार फिर दोहराया। उन्होंने कहा कि जब वह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे तब उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार को इसके प्रमाण भी दिए थे। इन दोनों पर प्रतिबंध लगाने की वकालत की थी क्योंकि दोनों की गतिविधियां एक जैसी रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलित व कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए राजनीति करती है मगर भाजपा पैसा कमाने की राजनीति करती है। यही कारण है कि मध्य प्रदेश में भाजपा के शासन काल में भ्रष्टाचार मे बेतहाशा इजाफा हुआ है।
दिग्विजय सिंह ने अपने शासन काल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके शासन काल में भ्रष्टाचार आटे में नमक के समान था मगर अब नमक में आटे के समान है। भाजपा के लोग सिर्फ पैसा कमाने के लिए ही राजनीति करते हैं।
अयोध्या मसले पर आरएसएस के सरसंघचालक मोहन भागवत द्वारा दिए गए उस बयान पर दिग्विजय सिंह ने सहमति जताई जिसमें कहा गया था कि न्यायालय के फैसले से न तो किसी पक्ष की हार हुई है और न ही जीत। सिंह का मानना है कि अयोध्या मसले पर ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जो धार्मिक उन्माद फैला सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications