हाथ धोएं और स्वस्थ रहें : शिवराज
भोपाल, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व हाथ धुलाई दिवस के मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बच्चों का आह्वान किया है कि वे स्वस्थ रहने के लिए हाथ धोने की आदत डालें और स्वास्थ्य की खातिर स्वच्छता का प्रचार-प्रसार करें।
गुरुवार को भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा यूनिसेफ की मदद से मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में विश्व हाथ घुलाई दिवस पर आयेाजित कार्यक्रम में हजारों स्कूली बच्चों ने हिस्सा लेकर स्वच्छता का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। इस मौके पर चौहान ने कहा कि भारत में खाना खाने से पहले हाथ धोने और व्यक्तिगत स्वच्छता की परंपरा रही है। आज जरूरत इस परंपरा को जारी रखने की है।
यूनिसेफ की राज्य प्रमुख डा. तानिया गोल्डनर ने कहा कि हाथ धोने की आदत स्वच्छता के माध्यम से जीवन बचाने का अभियान है। बच्चे इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकते हैं, क्योंकि वे खुशी-खुशी और खेल-खेल में सीख सकते हैं और दूसरों को संदेश दे सकते हैं।
प्रदेश की स्कूल शिक्षा मंत्री अर्चना चिटनीस ने बच्चों को परिवार का नेता बताया और कहा कि बच्चों के संदेश बड़ों को आकर्षित करते हैं। इस मौके पर भारत स्काउट व गाइड के प्रदेश आयुक्त जितेंद्र सिंह बुंदेला भी मौजूद थे।
विश्व हाथ धुलाई दिवस पर बच्चों की दो टीम स्वच्छता और मलासुर के बीच फुटबॉल मैच खेला गया। इस मैच में स्वच्छता टीम की ओर से मुख्यमंत्री भी खेले। स्वच्छता टीम ने जीत दर्ज की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications