राष्ट्रमंडल खेल (समापन समारोह) : सेना के बैंड ने समां बांधा
थल सेना की अलग-अलग बटालियनों और रेजिमेंटों के 14 मिलिट्री बैंडों ने 'कदम से कदम बढ़ाए जा' और 'सारे जहां से अच्छा' जैसे देशभक्ति गीत की धुन बजाकर देशवासियों में नई ताजगी भर दी।
अपनी शानदार पोशाक में सेना के बैंडमास्टर बेहद सुंदर और मनमोहद दिख रहे थे। इस दौरान पूरा स्टेडियम मंत्रमुग्द अवस्था में उनकी धुनों को अपनी कानो में घोल रहा था।
बैंड और तासों की आवाज दिल्ली की फिजा में सुनाई दे रही थी और ऐसा लग रहा था कि यह संदेश दे रही कि हमने तो कर दिखाया.. अब आगे आने वालों की बारी है। सेना के इन बैंडों की शानदार धुनों के माध्यम से दिल्ली और राष्ट्र ने शानदार और सफल मेजबान होने का संदेश एक बार फिर दुनिया को दिया।
कार्यक्रम में श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे और भूटान के राजकुमार जिगमे केसर नैमगेल वांगचुक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति थे। इसके अलावा अतिविशिष्ठ अतिथियों में उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के तीसरे पुत्र अर्ल ऑफ वेसेक्स राजकुमार एडवर्ड, कांग्रस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के अध्यक्ष माइक फेनेल, आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष लिनार्दो नेगरे प्रमुख रहे।
कई देशों के उच्चायुक्त, राजनयिक और राजदूत इस कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम पहुंचे। बड़ी संख्या में अतिविशिष्ठ मेहमानों की मौजूदगी के कारण स्टेडियम के अंदर और बाहर सुरक्षा के अत्यंत कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सभी अतिविशिष्ठ अतिथियों के पहुंचने के बाद राष्ट्रगान बजाया गया। इसके बाद 10 तक की उलटी गिनती के साथ समापन समारोह शुरू हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications