राष्ट्रमंडल खेल : फेनेल ने कहा, दिल्ली ने कर दिखाया
फेनेल ने संवाददाताओं से कहा, "एक साल पहले जब मैंने कुछ चिंताएं प्रकट कीं और मुझसे पूछा गया कि क्या योजना है तो मैंने कहा कि हमारी योजना दिल्ली है। और आज दिल्ली ने वह करके दिखा दिया। सहयोग के लिए मैं दिल्ली के लोगों को धन्यवाद देता हूं।"
उन्होंने कहा, "लोगों ने खेलों के प्रति बहुत ही सकारात्मक छवि प्रस्तुत की, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। लोगों ने मुद्दों को समझा और इंकार नहीं किया। इसका बेहतर नतीजा सामने आया।"
फेनेल के अनुसार बुधवार को डोप टेस्ट में विफल रही भारतीय धाविका रानी यादव का भविष्य अधर में लटका हुआ है। उनके मुताबिक रानी के बी सेम्पल की जांच गुरुवार को होगी और परिणाम 48 घंटे बाद आएंगे।
फेनेल ने कहा, "रानी के बी सेम्पल की जांच रिपोर्ट आने तक हम अंतिम निर्णय नहीं ले सकते, लेकिन उनका निलम्बन प्रभावी है।"
मीडिया के नकारात्मक कवरेज पर फनेल ने कहा, "मैं मीडिया को दोष नहीं देता हूं। उन्हें जो दिखना चाहिए, दिखाया..उन्होंने कुछ मामलों में कार्रवाई करने में हमारी मदद की।"
इस मौके राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने कहा, "अब हमें ऐसे लोग मिल गए हैं, जो समझ चुके हैं कि खेल क्या होते हैं। इसका हमें भविष्य में काफी लाभ मिलेगा। हमने चुनौतियों का सामना किया। हमारे वरिष्ठ प्रबंधकों ने खेल को बेहतर बनाया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications