रैंगिग के बाद छात्र पहुंचा अस्पताल
शहर के सरोजनी नगर इलाके के जी.एस.आर.एम. मेमोरियल डिग्री कालेज में प्रथम वर्ष के छात्र मयंक कुमार से कॉलेज के चार वरिष्ठ छात्रों ने सड़क पर अपरिचितों से पैसे मांगने को कहा। ऐसा करने से इंकार करने पर वरिष्ठ छात्रों ने मयंक की बुरी तरह से पिटाई कर दी। पीड़ित छात्र ने बुधवार रात चारों आरोपी छात्रों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सरोजनी नगर थाना-प्रभारी अरुण कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि मयंक की हालत फिलहाल स्थिर है। इस संबंध में पुलिस ने घटना में शामिल वरिष्ठ छात्रों को हिरासत में ले लिया है। कॉलेज प्रशासन के साथ मिलकर इस घटना की जांच की जा रही है।
पीड़ित छात्र का आरोप है कि कॉलेज के वरिष्ठ छात्रों ज्ञानप्रकाश, अमरेश कुमार, राहुल पांडे और दीपक कुमार ने बुधवार शाम उसे कॉलेज परिसर के बाहर रोककर सड़क पर आने-जाने वाले अपरिचित राहगीरों से घुटने के बल झुककर पैसे मांगने को कहा। जब उसने ऐसा करने से मना किया तो वरिष्ठ छात्रों ने उसकी पिटाई कर दी । बाद में स्थानीय लोग पीड़ित छात्र को अस्पताल ले गए।
कॉलेज के प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि घटना की जांच के लिए समति गठित कर दी गई है। दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications