चिली में खदान से कामगारों को बचाने का काम पूरा (लीड-1)
कोपियापो (चिली), 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। चिली में दो महीने से ज्यादा दिन तक करीब 700 मीटर गहरी खदान में फंसे 33 कामगारों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। खदान में पारी पर्यवेक्षक के तौर पर तैनात 54 वर्षीय लुईस उर्जुआ सबसे आखिर में बाहर निकले।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक उर्जूआ खदान में पारी पर्यवेक्षक के तौर पर तैनात थे। अपने कामगारों को बचाने के लिए पहले 17 दिनों तक उन्होंने काफी सावधानी का परिचय दिया। इस दौरान वे कामगरों को हर 48 घंटे के अंतराल पर थोड़ा दूध और कुछ खाने के लिए देते रहे थे।
उर्जूआ सबसे अंत में एक 'विजेता कप्तान' की तरह निकले। उनके काम के लिए चिली के राष्ट्रपति ने सेबेस्टियन पिनेरा ने उनकी काफी सराहना की।
उर्जूआ ने पिनेरा से कहा, "मैं इस बात की उम्मीद करता हूं कि ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।" उर्जूआ ने पूरे चिली को धन्यवाद दिया।
चिली कि राष्ट्रपति पिनेरा ने अंतिम व्यक्ति के रूप में खदान से बाहर निकलने वाले कामगार को खुशी से गले लगा लिया और उसे अपने साथ खड़े होने के लिए कहा। इसके बाद वहां सैकड़ों लोगों की मौजदगी में चिली का राष्ट्रगीत गाया गया।
उल्लेखनीय है कि खदान में काम कर रहे कामगार पांच अगस्त को ही अंदर फंस गए थे। शुरुआती 17 दिनों तक उनके जीवित होने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन बाद में इस बात के संकेत मिले की वे सभी सुरक्षित हैं।
राष्ट्रपति ने उर्जूआ को धन्यवाद देते हुए कहा, "मैं आपको धन्यवाद देता हूं क्योंकि आप एक अच्छे कैप्टन के रूप में अंतिम व्यक्ति के तौर पर बाहर निकले हैं।"
उर्जूआ के बाहर निकलने के बाद वहां मौजूद लोगों ने खुशी मनाई। सभी कामगारों को एक-एक कर सावधानी पूर्वक बाहर निकाला गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications