रोजगार के अभाव में नक्सली बने हैं युवा : मायावती
बिहार के एकदिवसीय चुनावी दौरे पर यहां पहुंची मायावती ने पूर्णिया जिले के धमदाहा विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि बिहार में आजादी के बाद से अब तक कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा अन्य क्षेत्रीय पार्टियों का शासन रहा है परंतु अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़े वर्ग के लोगों का विकास नहीं हुआ है, सरकार ने विकास के रास्ते पर ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि विकास नहीं होने के कारण आज लोग रोजगार के लिए अन्य राज्यों की ओर जा रहे हैं या फिर नक्सली बन कर गलत रास्ता अख्तियार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से किसान, मजदूर, कर्मचारी सहित सभी वर्ग दुखी हैं।
मायावती ने कहा कि आज बिहार में एक समता मूलक सरकार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बसपा अकेले ही राज्य की लगभग सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
बिहार में प्रथम चरण के तहत 21 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए मायावती गुरुवार को दो विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को सम्बोधित करने यहां पहुंची हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications