पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश विफल
इस्लामाबाद, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी पुलिस ने गुरुवार को प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की हत्या की साजिश नाकाम करने और इस मामले में सात संदिग्धों को गिरफ्तार करने का दावा किया।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पुलिस का दावा है कि उसे पंजाब के बहावलपुर जिले के नजदीक अहमदपुर शरकिया में बुधवार की गोलाबारी की घटना के बाद गिरफ्तार कथित आतंकवादियों के एक समूह से पूछताछ के दौरान प्रधानमंत्री की हत्या की साजिश का पता चला था।
वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारी आबिद कादरी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि संदिग्ध आतंकवादियों की प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी व अन्य लोगों की हत्या की साजिश थी।
कादरी ने बताया कि ये संदिग्ध प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-झांग्वी से अलग हुए कारी इमरान गुट से सम्बंधित थे। लश्कर-ए-झांग्वी के अलकायदा और तालिबान से सम्बंध थे।
इस समूह पर कई आतंकवादी घटनाओं के आरोप थे। इस पर मुल्तान में दिसम्बर में 'इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस' के मुख्यालय पर हुए हमले का भी आरोप है। इस हमले में 12 लोग मारे गए थे।
कादरी ने कहा कि पूछताछ के बाद और भी गिरफ्तारियां होने की सम्भावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications