ओबामा ने चीन को सी-130 विमानों की बिक्री से रोक हटाई
वाशिंगटन, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में चीन को सी-130 मालवाहक विमानों के निर्यात पर लगी रोक हटा दी है। इन विमानों का उपयोग समुद्र में तेल रिसाव राहत कार्यक्रमों के दौरान किया जाएगा।
ओबामा ने गत आठ अक्टूबर को हाउस ऑफ रिप्रिजेंटेटिव्स के अध्यक्ष और सीनेट के अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा, "निलम्बन को रद्द करना देश हित में है।" अमेरिका चीन को इन विमानों के निर्यात के लिए अस्थायी हथियार निर्यात लाइसेंस जारी कर रहा है।
वर्ष 1989 में चीन को सैन्य इस्तेमाल के उपकरण बेचने पर लगाए गए प्रतिबंध के बाद से अमेरिका ने पहली बार प्रतिबंधों में छूट दी है। अमेरिका ने यह प्रतिबंध चीन में थ्येनानमन चौक पर छात्रों के विद्रोह के दमन के बाद लगाए थे।
सी-130 मालवाहक विमानों को लॉकहीड सी-130 के नाम से भी जाना जाता है। वर्ष 1950 में विकसित किए गए इन विमानों में चार इंजन हैं।
यह विमान छोटे रनवे से उड़ान भरने में सक्षम हैं। इन्हें सैन्य, बचाव अभियान और मालवाहक कार्यों में उपयोग के लिए विकसित किया गया है।
अफगानिस्तान में नाटो सेनाओं द्वारा इन विमानों का उपयोग किया जा रहा है। वर्ष 1989 में प्रतिबंध लागू होने से पहले अमेरिका ने चीन को ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टरों और अन्य सैन्य उपकरणों का निर्यात किया था।
भारत इन विमानों के विकसित रूप सी-130जे सुपर हरक्यूलस विमानों की खरीद कर रहा है। दुनिया के सबसे विकसित मालवाहक विमान माने-जाने वाले इन छह विमानों का सौदा एक अरब डॉलर में तय हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications