भविष्य की सोचो और विकास के लिए लड़ो : राहुल (लीड-1)
एकदिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे राहुल ने अररिया के सिकटी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय था जब बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग पूरे देश को रास्ता दिखाते थे, परंतु आज यहां के लोग पिछड़ गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह यहां के लोगों का दोष नहीं है बल्कि यहां की सरकार का है। आज यहीं के लोग जाकर दिल्ली, पंजाब और दिल्ली का विकास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षो से राज्य में विकास का काम बंद हो गया है। यहां न तो लोगों को बिजली मिल रही है और न ही किसानों के खेतों को पानी मिल रहा है। लोग रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं।
इसके पूर्व बिहार के कटिहार के कोढ़ा विधानसभा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हम विकास की बात करना चाहते हैं। युवाओं के विकास की बात करना चाहते हैं। हम धर्म और जाति की बात नहीं करते।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि गरीबों की योजना नरेगा के लिए केंद्र सरकार जितना पैसा भेजती है वह गरीबों तक नहीं पहुंचता। किसानों का कर्ज माफ किया गया परंतु उसका भी लाभ यहां के किसानों को नहीं मिला।
राहुल ने नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि उनका अन्य दलों के साथ तालमेल है परंतु उस दल के दो नेता यहां नहीं आएंगे। तालमेल विचारधारा का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम उस विचारधारा को मिटाना चाहते हैं जो जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटती है। हम हिन्दुस्तान को 'विकास का हिन्दुस्तान' बनाना चाहते हैं। यहां धर्म और जाति पर लोगों को बांटा गया लेकिन हम लोगों के साथ ऐसा नहीं चाहते।
बिहार में प्रथम चरण के तहत 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राहुल तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करने गुरुवार को बिहार पहुंचे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications