भारत और चीन के साथ शिक्षा रूपी हथियारों की होड़ : ओबामा
वाशिंगटन, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चेतावनी दी है कि अमेरिका के शिक्षा बजट में कटौती करने का अभिप्राय वैश्विक अर्थव्यस्था के नेतृत्व के लिए भारत और चीन से लेकर जर्मनी तक की 'शिक्षा रूपी हथियारों की होड़' में 'एकतरफा निरस्त्रीकरण' होगा।
व्हाइट हाउस में बुधवार को ओबामा ने कहा, "ऐसा कदम बेहद अदूरदर्शी होगा। 21वीं सदी में वही देश वैश्विक अर्थव्यवस्था की कमान संभालेगा जो अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देगा।"
उन्होंने कहा, "दुनिया में इस समय चीन से जर्मनी तक, भारत से दक्षिण कोरिया तक शिक्षा रूपी हथियार हासिल करने की होड़ लगी है। शिक्षा बजट में कमी करना एकतरफा निरस्त्रीकरण होगा। हम ऐसा नहीं कर सकते।"
ओबामा ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस से 'अमेरिकन अपार्टच्युनिटी टैक्स क्रेडिट' योजना को महाविद्यालय की पढ़ाई के पूरे चार साल के लिए स्थाई बनाने के लिए कहा है। इस योजना में महाविद्यालय शिक्षा खर्च पर 2,500 डॉलर प्रति वर्ष की कर राहत मिलती है। ओबामा ने कहा कि हम चाहते हैं कि अच्छे या बुरे हर समय में हमारे परिवार अपने बच्चों और देश के भविष्य पर निवेश करें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा बजट में 20 प्रतिशत की कमी करने का विपक्षी रिपब्लिकन पार्टी का प्रस्ताव माने जाने पर 80 लाख छात्रों को मिलने वाली वित्तीय सहायता में कमी आएगी। इससे उन्हें सामुदायिक महाविद्यालय छोड़ने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा, "यह बात केवल अपने बच्चों को भविष्य के रोजगार के लिए तैयार करने की नहीं है, यह मुद्दा अमेरिका के बेहतर भविष्य के सपने को साकार करने से संबंधित है। हमारा सपना है कि ऐसे हर एक छात्र के लिए महाविद्यालय के दरवाजे खुलें, जो वहां पढ़ना चाहता है। यह सपना हम मिलकर साकार कर सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications