कनाडा में संदिग्ध आतंकी रिहा
टोरंटो, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। कनाडा के ओटावा में एक अदालत ने बुधवार को पाकिस्तानी मूल के एक चिकित्सक को जमानत पर रिहा कर दिया। गत अगस्त में अलकायदा की एक आतंकी साजिश से सम्बंध होने के संदेह में इस चिकित्सक को गिरफ्तार किया गया था।
कनाडाई पुलिस ने 28 साल के खुर्रम सईद शेर को दो अन्य संदिग्ध लोगों के साथ गिरफ्तार किया था। पाकिस्तानी मूल का चिकित्सक वर्ष 2008 में टेलीविजन रियलिटी शो 'कनेडियन आइडल' में हिस्सा ले चुका है।
मॉन्ट्रियल में पैदा हुए शेर को 183,000 डॉलर के मुचलके पर बुधवार को रिहा किया गया। एक अन्य संदिग्ध मिसबाहुद्दीन अहमद को 28 सितम्बर को जमानत मिली थी। तीसरे संदिग्ध सदस्य हिवा अलीजादेह की जमानत के लिए अभी सुनवाई चल रही है।
कनाडा में यह अलकायदा की दूसरी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। इसके पहले वर्ष 2006 में संसद उड़ाने, नेताओं को बंधक बनाने और प्रधानमंत्री हत्या की साजिश का मामला उजागर हो चुका है। जिसमें टोरंटो के मुस्लिम इलाके से 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
कनाडा के आतंकवाद निरोधक कानून के तहत इस मामले में इनमें से 11 लोगों को मामूली सजा दी गई थी।
शेर को जमानत मिलने के बाद उसके वकील अंसर फारुख ने पत्रकारों को बताया, "मुझे उम्मीद नहीं थी कि इस मामले में सुनवाई होगी। मुझे लग रहा था कि मेरे मुवक्किल के खिलाफ लगे आरोप को खारिज कर दिया जाएगा।"
गौरतलब है कि अमेरिका कनाडा के आतंकवाद निरोधक कानून के नरम होने की आलोचना कर चुका है। ऐसा माना जाता है कि 9/11 आतंकी हमले में साजिशकर्ता कनाडा से आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications