'भारत की अधिक महत्वपूर्ण वैश्विक भूमिका' का अमेरिका ने किया स्वागत
वाशिंगटन, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थायी सदस्यता मिलने पर अमेरिका ने क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर भारत की भूमिका का समर्थन किया है, लेकिन भारत की स्थायी सदस्यता के लिए अनुशंसा के सवाल पर चुप्पी साध ली है।
राजकीय विभाग के प्रवक्ता फिलिप क्राउले ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, "अधिक महत्वपूर्ण वैश्विक भूमिका निभाने की भारत की अभिलाषा के प्रति हम पूरी तरह सचेत हैं। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भारत की भूमिका बढ़ाए जाने का हम स्वागत करते हैं।"
यह पूछे जाने पर कि राष्ट्रपति बराक ओबामा के नवम्बर में भारत दौरे के दौरान भारत अमेरिका के और सुदृढ़ समर्थन की अपेक्षा कर सकता है, उन्होंने कहा, "हम संयुक्त राष्ट्र एवं सुरक्षा परिषद के अधीन कार्य करेंगे, क्योंकि हम समझते हैं कि विश्व में ऐसी अभिलाषा रखने वाले बहुत सारे देश हैं।"
यह पूछने पर कि संयुक्त राष्ट्र देशों के 15 सदस्यीय निर्णयात्मक निकाय में स्थायी जगह पाने की दावेदारी के लिए अमेरिका क्या भारत की अनुशंसा करेगा, क्राउले ने दोहराया, "संयुक्त राष्ट्र के मंच पर रचनात्मक कार्य जारी रखने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।"
अमेरिका ने मंगलवार को भारत, दक्षिण अफ्रीका, कोलंबिया, पुर्तगाल एवं जर्मनी को सुरक्षा परिषद में अस्थायी सदस्यता दिए जाने का स्वागत किया। इन देशों का दो वर्षो का कार्यकाल जनवरी से शुरू होगा।
क्राउले ने कहा, "सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों के साथ रचनात्मक कार्य करने की हमारी नीति रहेगी।"
उन्होंने कहा, "हमें विश्वास है कि सभी नए सदस्य सुरक्षा परिषद के संविधान के सिद्धांतों का समर्थन करने, उसे प्रभावी बनाने में सहयोग देने और उसकी क्षमता बढ़ाने में मदद करेंगे। साथ ही विश्व शांति कायम रखने एवं सुरक्षा में अपनी महती भूमिका निभाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications