किसानों की जमीन नीलाम करने वाले 9 अधिकारी निलंबित
मुख्यमंत्री के आवास पर मुलाकात करने पहुंचे किसानों ने उन्हें बताया कि मामूली कर्ज लेने पर 159 मामलों में 983 एकड़ जमीन बगैर सूचना और बगैर कानूनी प्रक्रिया अपनाए एक करोड़ 79 लाख में बेच दी गई। इतना ही नहीं, कई किसानों की तो मृत्यु के बाद भी जमीन बेच दी गई है। कब्जे की कार्यवाही जिलाधिकारी के निर्देश पर होनी चाहिए, मगर इस नियम का पालन नहीं किया गया।
मुख्यमंत्री चौहान ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ न्याय करेगी और अन्याय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी काम करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे।
चौहान ने अधिकारियों को निलंबित करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस मामले में बैंक अधिकारियों के खिलाफ चल रही जांच तीन माह में पूरी कर ली जाएगी तथा अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि जमीन नीलामी के न्यायालय में लंबित मुकदमे किसानों की ओर से सरकार खुद लड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications