आईबीएसए देशों ने सुरक्षा परिषद के विस्तार का दबाव बनाया
संयुक्त राष्ट्र, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत, ब्राजील एवं दक्षिण अफ्रीका (आईबीएसए) ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शामिल गरीब देशों के लक्ष्यों को उच्च प्राथमिकता दिलाने तथा परिषद की कार्यशैली में अधिक पारदर्शिता लाने के लिए दबाव बनाने का संकल्प लिया है।
परिषद में भारत और दक्षिण अफ्रीका को अस्थायी सदस्यता दिलाने के लिए मंगलवार को हुए मतदान के बाद जारी एक बयान में कहा गया है कि तीन स्थायी प्रतिनिधियों ने फिर से सुरक्षा परिषद का तुरंत विस्तार करने का आह्वान किया है।
भारत के हर्षदीप सिंह पुरी, ब्राजील की मारिया लुइजा रिबेरो विओटी एवं दक्षिण अफ्रीका के बासो सांगक ने कहा है कि '2011 में जब तीनों आईबीएसए देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में योगदान देंगे तो वह ऐतिहासिक अवसर होगा।'
भारत एवं दक्षिण अफ्रीका जनवरी, 2011 में दो वर्षो के कार्यकाल की शुरुआत करेंगे, जबकि ब्राजील इसी वर्ष अपना कार्यकाल शुरू करने जा रहा है।
प्रतिनिधियों ने भारत, ब्राजील एवं दक्षिण अफ्रीका को वैश्विक दक्षिण बताते हुए कहा गया है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शामिल इन देशों के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार एवं उनके उद्देश्यों को उच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सुरक्षा परिषद की कार्य पद्धति को अधिक पारदर्शी बनाया जाए।
संयुक्त राष्ट्र महासभा की आमसभा में 25 सितम्बर को हुई बहस में आईबीएसए देशों के मंत्रियों द्वारा दिए गए बयान को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि बहुआयामी संगठनों एवं संस्थाओं के निर्णयात्मक निकायों में प्रगतिशील देशों की भागीदारी बढ़ाई जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications