राष्ट्रमंडल खेल : आस्ट्रेलियाई दल के प्रमुख ने कहा, सफल रहा आयोजन
स्टीव मोनीघेटी ने कहा कि वह अपने खिलाड़ियों को समापन समारोह में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे और वह उम्मीद करते हैं कि उनकी टीम को तीन अक्टूबर के शुभारम्भ समारोह जैसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
शुभारम्भ समारोह में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आस्ट्रेलियाई दल को मंच पर आने से पहले एक गर्म स्थान पर कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा था, जिसके बाद मोनीघेटी ने आयोजन व्यवस्था की आलोचना की थी।
आस्ट्रेलियाई राष्ट्रमंडल खेल संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पेरी क्रॉसव्हाइट ने कहा है कि गुरुवार को ऐसा दोबारा नहीं होगा।
आस्ट्रेलियाई दल मंच पर पहुंचने से पहले स्टेडियम के बाहर ही इंतजार करेगा।
मोनीघेटी ने खेल गांव में संवाददाताओं से कहा, "हमें जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक हमें अंदर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसलिए हम अपने खिलाड़ियों को समापन समारोह में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने की स्थिति में हैं।"
आस्ट्रेलियाई एसोसिएटेड प्रेस ने मोनीघेटी के हवाले से कहा है, "मुझे लगता है कि यह सफल खेलों का जश्न मनाने का एक अच्छा अवसर है।"
आस्ट्रेलियाई दल के करीब 100 खिलाड़ी दिल्ली से रवाना हो चुके हैं लेकिन फिर भी समापन समारोह में 300 से ज्यादा खिलाड़ियों के शामिल होने की सम्भावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications