माकपा नेता सहित 3 की हत्या (लीड-1)
पश्चिमी मिदनापुर के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा ने बताया, "झारग्राम इलाके के एक गांव में माकपा नेता तपन दोलुई की नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय दोलुई अपने खेत में थे।"
दोलुई माकपा की बेलाटीकरी स्थानीय समिति के सदस्य थे। नक्सलियों ने एक दूसरी घटना में एक चालक और एक अज्ञात व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार चालक चंदन बेस्वाल बामुंदीही गांव का निवासी था। उसकी पश्चिमी मिदनापुर-बांकुरा सीमा के पास गोली मारकर हत्या की गई। वहीं, झारग्राम इलाके के जोवालभंगा गांव में नक्सलियों ने एक अज्ञात व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी।
झारग्राम के पुलिस अधीक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने बताया, "मारे गए व्यक्ति की पहचान की जानी है। उसे दोपहर बाद दो बजकर 30 मिनट पर गोली मारी गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि व्यक्ति मांस विक्रता था, जो जोयांगर क्षेत्र में रहता था।"
त्रिपाठी ने बताया कि जिस ढंग से वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे हत्या में नक्सलियों के शामिल होने का पता चलता है।
पुलिस ने बताया कि इसी बीच बुधवार तड़के लालगढ़ क्षेत्र में एक दूसरे माकपा समर्थक को गोली मारी गई।
पुलिस के अनुसार श्रीदम मंडल को घर से बाहर निकालकर गोली मारी गई। उसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
उल्लेखनीय है कि राज्य के तीन जिलों पश्चिम मिदनापुर, पुरुलिया और बांकुरा में नक्सली सक्रिय हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications